लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा मानसून के आगमन से पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग-531 पर जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए पुल-पुलियों और नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। दारौंदा प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच पर जेसीबी मशीन की मदद से पुल-पुलियों एवं नालों में जमा गाद, मिट्टी और कचरे को हटाया जा रहा है, ताकि वर्षा का पानी आसानी से निकल सके।
सफाई अभियान के तहत जल निकासी मार्गों को अवरुद्ध करने वाले अवशेषों को हटाया जा रहा है। इससे बरसात के दौरान सड़क पर पानी जमा होने की समस्या में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही आसपास के खेतों में जलभराव की स्थिति भी नहीं बनेगी, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के समय कई स्थानों पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित होता था। पुल-पुलियों की समय रहते सफाई होने से राहगीरों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी तथा सड़क जाम की समस्या भी कम होगी।
ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा बरसात से पहले उठाए गए इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों, वाहन चालकों और आम लोगों को काफी लाभ मिलेगा। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसी सफाई कराई जाती रहेगी, जिससे जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे।







