स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार।
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ प्रभावित डोंगाघाट क्षेत्र में फंसे 18 लोगों को रविवार को भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकाला गया।
घरों में घुसा बाढ़ का पानी
लगातार बारिश के बाद क्षेत्र में जलस्तर तेजी से बढ़ गया था। बाढ़ का पानी कई घरों में घुस गया, जिसके चलते ग्रामीणों और बच्चों को सुरक्षित स्थानों और मकानों की छतों पर शरण लेनी पड़ी। स्थिति गंभीर होने के बाद जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों ने बचाव अभियान शुरू किया।
एमआई-17 से 18 लोगों का रेस्क्यू
प्रशासन के अनुसार, डोंगाघाट में फंसे लोगों को निकालने के लिए भारतीय वायुसेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर की मदद ली गई। हेलीकॉप्टर के जरिए कुल 18 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। बचाव अभियान बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा की निगरानी में चलाया गया।
राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी टीमें
प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के साथ ही नावों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों तक पहुंचाने में जुटी हैं।







