लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान/दारौंदा। ऐतिहासिक बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहे एक ही परिवार की खुशियां शनिवार को सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव के समीप टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दारौंदा थाना क्षेत्र के बाल बंगरा गांव के एक ही परिवार के कई सदस्य बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद टेंपो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान माधवपुर गांव के समीप चालक का संतुलन बिगड़ने से टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिवान भेजा गया।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने बाल बंगरा गांव निवासी **श्रीराम राम** को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में **प्रमिला देवी, नीतू देवी, सतीश कुमार, अभिषेक कुमार और कुंदन कुमार** घायल हो गए। चिकित्सकों के अनुसार इनमें दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही श्रीराम राम का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाल बंगरा पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करते रहे। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।







