स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि राज्य में गन्ना किसानों की समृद्धि, गन्ना उत्पादन में वृद्धि तथा चीनी उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के माध्यम से गन्ना उद्योग को मजबूत बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने बने मंच से गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित ‘गन्ना विकास रथ-2026’ का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य में 10 चीनी मिलें कार्यरत हैं और पांच और चीनी मिलें जल्द शुरू की जाएंगी। सरकार नई मिलों की स्थापना के साथ-साथ बंद पड़ी पुरानी मिलों को फिर से चालू करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इससे गन्ना किसानों की आमदनी बढ़ेगी, ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’ के संकल्प के साथ शुरू किए गए इस अभियान के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना विकास रथ किसानों तक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
किसानों को मिलेगी व्यापक जानकारी
गन्ना विकास रथ के माध्यम से किसानों को गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती के तरीकों, जैविक खाद के उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि उपकरणों पर उपलब्ध सब्सिडी तथा मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाणित गन्ना बीज पर मिलने वाले अनुदान के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती शुरू करने वाले किसानों को निशुल्क गन्ना बीज की उपलब्धता की जानकारी भी दी जाएगी।
डिजिटल सुविधाओं से जुड़ेंगे किसान
किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए ‘गन्ना आईडी’ और ‘गन्ना साथी’ एआई चैटबॉट की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘गन्ना विकास रथ-2026’ किसानों को आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ ही राज्य में गन्ना उत्पादन एवं चीनी उद्योग के विकास को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह तथा गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।







