लोकल डेस्क, ऋषि राज।
बीरगंज। पर्सा जिले के पटेर्वा सुगौली गांवपालिका स्थित टोल देउरिया में सक्रिय आदर्श कांवड़िया संघ पिछले 37 वर्षों से सनातन धर्म, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
वि.सं. 2045 (सन् 1988) में स्थापित इस संघ ने पटेर्वा सुगौली गांवपालिका स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भाथाधाम बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न धार्मिक गतिविधियों का संचालन किया है।
संघ प्रत्येक वर्ष श्रावण मास में बोलबम यात्रा का आयोजन करता है। इस दौरान भारत और नेपाल की विभिन्न पवित्र नदियों से जल लाकर भाथाधाम स्थित बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाता है।
इसी क्रम में शनिवार को टोल देउरिया में आयोजित संघ की बैठक में आगामी 21 श्रावण को भारत की त्रिवेणी नदी से जल भरकर लगभग पांच दिवसीय बोलबम यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। संघ के अध्यक्ष राजेश्वर पंजियार थारू ने बताया कि यात्रा में शामिल श्रद्धालु श्रावण माह के दूसरे सोमवार को भाथाधाम स्थित बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर में जल अर्पित करेंगे।
संघ के कोषाध्यक्ष शंभु महतो थारू ने बताया कि भाथाधाम की धार्मिक महत्ता को देशभर में स्थापित करने तथा सनातन धर्म, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से संघ निरंतर सक्रिय है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भाथाधाम के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
संघ के अनुसार पटेर्वा सुगौली गांवपालिका के अलावा जिराभवानी और सखुवा प्रसौनी गांवपालिकाओं के लगभग 500 सदस्य आदर्श कांवड़िया संघ से जुड़े हुए हैं।
बैठक में संघ के अध्यक्ष राजेश्वर पंजियार थारू, महासचिव बालेश्वर महतो चौधरी, सचिव प्रमोद चौधरी, कोषाध्यक्ष शंभु महतो थारू, सलाहकार रूपनारायण चौधरी तथा सदस्य बमबहादुर, बैजनाथ महतो, विनोद चौधरी, किशोरी दास सहित 50 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार कन्हैया पटेल की भी विशेष उपस्थिति रही।
बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में भाथाधाम के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पवित्र धाम से जुड़ सकें और इसकी राष्ट्रीय पहचान और भी मजबूत हो।






