स्पोर्ट्स डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य।
श्रीलंका दौरे पर खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर चयन समिति ने टीम इंडिया का स्क्वॉड घोषित कर दिया है। 15 अगस्त से शुरू होने वाली इस सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बरकरार रखते हुए युवा ऑफ स्पिनर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में मौका दिया है। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं बन सके हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हुए वॉशिंगटन सुंदर चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। इसी वजह से उन्हें इस टेस्ट सीरीज के स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया। उनकी गैरमौजूदगी में सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। यह उनके करियर का पहला टेस्ट कॉल-अप है।
दूसरी ओर, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन को स्क्वॉड में शामिल किया गया है, लेकिन दोनों की अंतिम उपलब्धता उनकी फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगी। बुमराह इंग्लैंड दौरे के दौरान घुटने में सूजन की समस्या से जूझे थे, जिसके चलते वह तीसरे वनडे मुकाबले में नहीं खेल पाए थे। ऐसे में मेडिकल टीम की मंजूरी मिलने के बाद ही उनके खेलने पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
बीसीसीआई की ओर से जारी मीडिया एडवाइजरी के मुताबिक, भारतीय टीम टेस्ट सीरीज की तैयारियों के तहत 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। इसके बाद 15 अगस्त से गॉल में पहला टेस्ट शुरू होगा, जबकि दूसरा और अंतिम मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा।
श्रीलंका के खिलाफ भारत का टेस्ट स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से अहम होगी सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली यह टेस्ट सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा है, इसलिए दोनों टीमों के लिए हर मुकाबला बेहद अहम रहेगा। भारत ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच जरूर खेला था, लेकिन वह WTC का हिस्सा नहीं था। ऐसे में उस जीत का अंक तालिका पर कोई असर नहीं पड़ा। अब श्रीलंका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन टीम इंडिया के PCT को मजबूत करने में मदद करेगा। मौजूदा समय में भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें, जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर है। ऐसे में इस सीरीज के नतीजे दोनों टीमों की स्थिति पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकते हैं।







