लोकल डेस्क, आकाश अस्थाना।
रक्सौल के 10 विद्यालयों के 400 से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल, तैयारियां पूरी।
रक्सौल: विद्यार्थियों में भारतीय इतिहास, संस्कृति, गौरवशाली विरासत, राष्ट्रीय मूल्यों एवं देश की उपलब्धियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित ‘भारत को जानो’ सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता की अखिल भारतीय लिखित परीक्षा 31 अगस्त को होगी। परिषद की देशभर की करीब 1600 शाखाओं के माध्यम से आयोजित इस परीक्षा में रक्सौल शाखा के अंतर्गत आने वाले 10 विद्यालयों के 400 से अधिक विद्यार्थी कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में शामिल होंगे।
प्रतियोगिता के लिए परिषद की ओर से ‘भारत को जानो’ पुस्तक के हिंदी एवं अंग्रेजी संस्करण का नि:शुल्क वितरण सभी संबंधित विद्यालयों में किया जा चुका है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मिल रहे सहयोग और विद्यार्थियों के उत्साह से परीक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है। भारत विकास परिषद शाखा रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी एवं संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने बताया कि ‘भारत को जानो’ विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अभियान है। रक्सौल शाखा के अंतर्गत कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल, संत माइकल इंग्लिश स्कूल, एस. ए. वी. स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, चंद्रशील इंग्लिश स्कूल, जयंत एकेडमी, एम. जी. एम. इंटरनेशनल स्कूल, भारती पब्लिक स्कूल, डी. पी. एम. स्कूल तथा एम. के. मिशन आवासीय विद्यालय, भलूवाहिया, रामगढ़वा के विधार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक विद्यालय में शाखा के एक सदस्य को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया जाएगा। परीक्षा संबंधी सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस लिखित परीक्षा में भाग लेने के वाले सभी प्रतिभागियों को शाखा की ओर प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह है तथा सभी विद्यालयों का प्रबंधन भी सकारात्मक सहयोग कर रहा है।
शाखा के सचिव नरेश कुमार ने कहा कि विद्यालयों के प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से मिल रहे सहयोग के कारण परीक्षा को लेकर उत्साहजनक वातावरण बना है। परिषद का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रबोध से जोड़ना है।
संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने बताया कि परीक्षा में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय से कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी शाखा स्तरीय प्रश्न मंच (क्विज कॉन्टेस्ट) में भाग लेने के लिए पात्र होंगे।
शाखा स्तरीय प्रश्न मंच में दोनों वर्गों से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगे प्रांतीय प्रतियोगिता में भाग लेने की पात्रता मिलेगी। साथ ही उन्हें प्रशस्ति-पत्र के साथ प्रतीक चिह्न भी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि रक्सौल शाखा की ओर से परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए विद्यालय प्रबंधन से समन्वय, प्रश्नपत्र एवं परीक्षा सामग्री की व्यवस्था तथा पर्यवेक्षकों की तैनाती समेत सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भारत विकास परिषद शाखा रक्सौल के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने इसकी जानकारी दी।







