स्पोर्ट्स डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य।
हांगझोऊ: भारत की युवा निशानेबाज ईशा सिंह ने ISSF विश्व कप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) की महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने शूट-ऑफ में जीत दर्ज कर कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह भारत ने इस स्पर्धा में दो पदक जीतकर दमदार प्रदर्शन किया।
21 साल की ईशा सिंह ने आठ खिलाड़ियों के फाइनल में शानदार निशानेबाजी करते हुए 40 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। दूसरी ओर, पेरिस 2024 ओलंपिक की दो बार की कांस्य पदक विजेता मनु भाकर ने 28 अंक जुटाए और शूट-ऑफ जीतकर तीसरे स्थान पर रहीं।
क्वालीफिकेशन से ही भारतीय खिलाड़ियों का रहा दबदबा
भारतीय निशानेबाजों ने क्वालीफिकेशन राउंड में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। मनु भाकर ने 586 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि ईशा सिंह 585 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों ने आसानी से आठ खिलाड़ियों के फाइनल में जगह बनाई।
एशियाई खेलों की पूर्व स्वर्ण पदक विजेता राही सरनोबत ने 582 अंक बनाए। वहीं, सिमरनप्रीत कौर बराड़ और अभिदन्या अशोक पाटिल ने केवल रैंकिंग पॉइंट्स (RPO) के लिए हिस्सा लेते हुए अच्छा प्रदर्शन किया। ईशा और मनु की इस शानदार उपलब्धि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया के जरिए दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
ईशा बोलीं- दबाव था, लेकिन खुद पर भरोसा था
मुकाबले के बाद ईशा सिंह ने कहा, "पिछली जीत के कारण मुझ पर काफी दबाव था। जब आप अपनी स्पर्धा में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो लोगों की उम्मीदें बढ़ जाती हैं। मुझे खुशी है कि मैं आज उस दबाव को संभालने में सफल रही।"
मनु ने कहा- यह पदक आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देगा
मनु भाकर ने कहा, "मेरे लिए यह पदक बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि इस तरह की सफलता आगे बढ़ने की सीढ़ी का काम करती है। इससे मुझे अपनी दिशा का पता चलता है। इस पदक से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है और इसका फायदा मुझे विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों में मिलेगा।"
गौरतलब है कि ईशा सिंह ने इसी सत्र की शुरुआत में म्यूनिख विश्व कप के फाइनल में 43 अंक के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया था। हांगझोऊ में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी शानदार फॉर्म और निरंतरता को एक बार फिर साबित किया।







