स्पोर्ट्स डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य।
कुछ लोग मैदान पर उतरते हैं तो मुकाबला खेलते हैं, कुछ इतिहास रचते हैं। लेकिन कुछ ऐसे भी होते हैं, जो अपने खेल से करोड़ों लोगों की भावनाओं का हिस्सा बन जाते हैं। महेंद्र सिंह धोनी उन्हीं में से एक हैं। वह खिलाड़ी, जिसने मुश्किलों को चुनौती बनाया, हार के मुहाने से जीत का रास्ता निकाला और भारतीय क्रिकेट को दुनिया के सामने एक नई पहचान दी। आज भी जब किसी मुकाबले में आखिरी ओवर का रोमांच होता है, जब किसी टीम को मुश्किल परिस्थितियों में एक शांत नेतृत्वकर्ता की जरूरत महसूस होती है, तब क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में एक ही नाम गूंजता है..माही
छोटे शहर से विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े मंच तक का सफर
रांची की गलियों से निकलकर विश्व क्रिकेट के शिखर तक पहुंचने वाले महेंद्र सिंह धोनी की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। 7 जुलाई 1981 को जन्मे धोनी ने अपने शुरुआती दिनों में क्रिकेट के साथ फुटबॉल और बैडमिंटन में भी दिलचस्पी दिखाई। फुटबॉल में गोलकीपर की भूमिका निभाने वाले धोनी को क्रिकेट में विकेटकीपिंग का जिम्मा मिला और यही जिम्मेदारी आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गई।
घरेलू क्रिकेट में बिहार और बाद में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। भारतीय टीम तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं था, लेकिन उनके भीतर कुछ अलग करने का जुनून था।
23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे क्रिकेट में पदार्पण करने वाले धोनी की पहली अंतरराष्ट्रीय पारी भले ही रन आउट के रूप में समाप्त हुई, लेकिन उनकी प्रतिभा को दुनिया के सामने आने में ज्यादा वक्त नहीं लगा।
अप्रैल 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ विशाखापत्तनम में 123 गेंदों पर 148 रनों की विस्फोटक पारी और उसी वर्ष श्रीलंका के खिलाफ जयपुर में 145 गेंदों पर नाबाद 183 रन की ऐतिहासिक पारी ने दुनिया को बता दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक असाधारण बल्लेबाज मिल चुका है।
वह सिर्फ गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाने वाले बल्लेबाज नहीं थे, बल्कि मुकाबले की दिशा बदलने की क्षमता रखने वाले खिलाड़ी थे।
2007: जब एक युवा कप्तान ने दुनिया को चौंका दिया
साल 2007 भारतीय क्रिकेट के लिए एक कठिन दौर था। वनडे विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय क्रिकेट को नई दिशा की जरूरत थी। इसी बीच दक्षिण अफ्रीका में आयोजित पहले ICC T20 विश्व कप के लिए एक युवा टीम की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी को सौंपी गई।
उस समय शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि यह युवा कप्तान भारतीय क्रिकेट का इतिहास बदल देगा।
धोनी ने खिलाड़ियों पर भरोसा किया, युवाओं को जिम्मेदारी दी और दबाव के बीच फैसले लेने का साहस दिखाया। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में आखिरी ओवर के लिए जोगिंदर शर्मा को गेंद सौंपने का उनका फैसला आज भी क्रिकेट इतिहास के सबसे चर्चित कप्तानी फैसलों में शामिल है।
भारत विश्व चैंपियन बना और एक नए युग की शुरुआत हुई।
यह जीत केवल एक ट्रॉफी नहीं थी। इसने भारतीय क्रिकेट को यह विश्वास दिया कि युवा खिलाड़ियों की टीम भी दुनिया के सबसे बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकती है।
2011: वह रात, जब एक छक्के ने करोड़ों सपनों को पूरा कर दिया
भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए 2 अप्रैल 2011 की रात कभी भुलाई नहीं जा सकती। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ विश्व कप फाइनल खेला जा रहा था। भारत 28 वर्षों से वनडे विश्व कप की दूसरी ऐतिहासिक जीत का इंतजार कर रहा था। लक्ष्य था 275 रनों का। सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग के जल्दी आउट होने के बाद दबाव बढ़ गया। गौतम गंभीर क्रीज पर थे और युवराज सिंह शानदार फॉर्म में थे। तभी धोनी ने खुद को युवराज से पहले बल्लेबाजी के लिए प्रमोट किया। यह फैसला उस रात का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। गंभीर के साथ उनकी 109 रनों की साझेदारी ने भारत को जीत के करीब पहुंचा दिया। धोनी ने 79 गेंदों पर नाबाद 91 रन बनाए। और फिर वह ऐतिहासिक क्षण आया। नुवान कुलशेखरा की गेंद, धोनी का बल्ला और लॉन्ग ऑन के ऊपर से उड़ती गेंद सीधे दर्शकों के बीच जा पहुंची।
भारत विश्व विजेता बन चुका था।
कमेंट्री की आवाज, खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी, स्टेडियम में तिरंगे और करोड़ों भारतीयों की आंखों में आंसू... वह सिर्फ एक छक्का नहीं था, वह 28 वर्षों के इंतजार का अंत था। धोनी को फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उस रात उनका नाम भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया।
2013: जब पूरी हुई तीन ICC खिताबों की ऐतिहासिक हैट्रिक
- साल 2007 में T20 विश्व कप, 2011 में वनडे विश्व कप और 2013 में ICC चैंपियंस ट्रॉफी।
- धोनी ने भारतीय टीम को तीनों प्रमुख ICC पुरुष व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट का चैंपियन बनाया।
2013 में इंग्लैंड की धरती पर खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल बारिश से प्रभावित रहा। मुकाबला 20 ओवरों का कर दिया गया। इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 5 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।
इसके साथ धोनी क्रिकेट इतिहास के पहले और अब तक एकमात्र कप्तान बने, जिन्होंने तीनों प्रमुख ICC पुरुष व्हाइट-बॉल खिताब अपने नाम किए। यह उपलब्धि किसी एक टूर्नामेंट की सफलता नहीं थी, बल्कि लगातार बदलते प्रारूपों में नेतृत्व, रणनीति और परिस्थितियों को समझने की उनकी असाधारण क्षमता का प्रमाण थी।
टेस्ट क्रिकेट: जब भारत पहली बार दुनिया की नंबर-1 टीम बना
धोनी की कप्तानी की कहानी सिर्फ सीमित ओवरों के क्रिकेट तक सीमित नहीं रही। टेस्ट क्रिकेट में भी उन्होंने भारतीय टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। दिसंबर 2009 में भारत ने पहली बार ICC टेस्ट टीम रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया। श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-0 की जीत के बाद भारत इस मुकाम पर पहुंचा। धोनी को ICC टेस्ट चैंपियनशिप की प्रतिष्ठित गदा (Test Championship Mace) सौंपी गई। भारत ने 2010 और 2011 में टेस्ट चैंपियनशिप की यह प्रतिष्ठित गदा अपने नाम की। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम 600 दिनों से अधिक समय तक टेस्ट क्रिकेट में शीर्ष स्थान पर रही। यह भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि थी।
धोनी की कप्तानी में टेस्ट क्रिकेट में भारत ने घरेलू मैदानों पर मजबूती दिखाई। हालांकि विदेशी दौरों पर टीम को कई कठिन चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा। यही उनकी क्रिकेट यात्रा का एक यथार्थवादी पक्ष है कि हर दौर में जीत नहीं मिली, लेकिन भारतीय क्रिकेट को विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा।
जब मुश्किल मुकाबलों में माही बन जाते थे भारत की आखिरी उम्मीद
धोनी की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी विशेषता उनका धैर्य था। जब दूसरे छोर पर विकेट गिर रहे होते, जब रन गति बढ़ाने का दबाव होता और जब जीत दूर दिखाई देती, तब भी उनके चेहरे पर घबराहट नजर नहीं आती थी उनका हेलीकॉप्टर शॉट दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए पहचान बन गया। विकेटों के पीछे उनकी फुर्ती, बिजली की रफ्तार से स्टंपिंग और गेंदबाजों को दिए जाने वाले छोटे-छोटे संकेत उनकी क्रिकेट समझ को दर्शाते थे। धोनी ने क्रिकेट को सिर्फ बल्ले और गेंद का खेल नहीं समझा। उन्होंने इसे मानसिक मजबूती, धैर्य और सही समय पर सही फैसला लेने की कला के रूप में जिया।
उनकी कप्तानी का एक बड़ा गुण था खिलाड़ियों पर भरोसा करना। कई ऐसे खिलाड़ी, जिन्होंने उनके नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई, आगे चलकर भारतीय क्रिकेट के बड़े नाम बने। वह अपने खिलाड़ियों को असफल होने की आजादी देते थे, लेकिन जिम्मेदारी से भागने की नहीं।
CSK और माही: एक रिश्ता, जो क्रिकेट से कहीं आगे निकल गया
2008 में IPL की शुरुआत के साथ धोनी चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े। चेन्नई के प्रशंसकों ने उन्हें सिर्फ कप्तान नहीं, बल्कि अपना परिवार माना। पीली जर्सी, पीली सीटी और स्टेडियम में गूंजता 'थाला' का नाम उनकी पहचान बन गया।
उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में पांच बार IPL खिताब जीता। हर बार उनकी टीम ने अलग परिस्थितियों में अपनी क्षमता दिखाई। उम्र, अनुभव और चुनौतियों के बावजूद धोनी का क्रिकेट के प्रति समर्पण लगातार चर्चा में रहा।
2023 का IPL फाइनल भी उनकी विरासत का एक यादगार अध्याय बन गया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी गेंद पर रविंद्र जडेजा के विजयी चौके ने चेन्नई को पांचवीं बार चैंपियन बनाया। धोनी के चेहरे पर वही परिचित शांति थी, लेकिन प्रशंसकों की आंखों में खुशी के आंसू थे।
आंकड़ों से कहीं बड़ी है माही की विरासत
धोनी का अंतरराष्ट्रीय करियर दिसंबर 2004 से 2019 तक रहा। उन्होंने भारत के लिए तीनों प्रारूपों में कुल 538 मुकाबले खेले और 17,266 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए।
उनकी प्रमुख उपलब्धियां:
- 2007 ICC T20 विश्व कप विजेता कप्तान।
- 2011 ICC वनडे विश्व कप विजेता कप्तान।
- 2013 ICC चैंपियंस ट्रॉफी विजेता कप्तान।
- भारत को पहली बार ICC टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 स्थान तक पहुंचाया।
- 2010 और 2011 में ICC टेस्ट चैंपियनशिप की गदा।
- वनडे क्रिकेट में 10,773 रन।
- वनडे में विकेटकीपर के रूप में 123 स्टंपिंग का विश्व रिकॉर्ड।
- 2011 विश्व कप फाइनल में नाबाद 91 रन और प्लेयर ऑफ द मैच।
- 2025 में ICC क्रिकेट हॉल ऑफ फेम में शामिल।
15 अगस्त 2020 को धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। हालांकि, उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2019 विश्व कप का सेमीफाइनल था, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका रन आउट होना करोड़ों भारतीय प्रशंसकों के लिए बेहद भावुक क्षण बन गया था।
माही का असली रिकॉर्ड: करोड़ों दिलों में बसी एक अमिट पहचान
क्रिकेट में रिकॉर्ड बनते हैं, टूटते हैं और फिर नए रिकॉर्ड सामने आते हैं। हर पीढ़ी अपने साथ नए सितारे लेकर आती है। लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जिनकी पहचान आंकड़ों की सीमाओं से बहुत आगे निकल जाती है। महेंद्र सिंह धोनी उन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं।
उन्होंने भारतीय क्रिकेट को जीतने का आत्मविश्वास दिया। उन्होंने दुनिया को दिखाया कि कप्तानी का अर्थ सिर्फ मैदान पर फैसले लेना नहीं, बल्कि कठिन परिस्थितियों में अपनी टीम के साथ मजबूती से खड़े रहना भी है। उनकी कहानी हमें सिखाती है कि असली महानता सिर्फ जीत में नहीं, बल्कि हार के बाद फिर खड़े होने के साहस में भी होती है। रांची से शुरू हुआ उनका सफर विश्व क्रिकेट के इतिहास में एक ऐसी विरासत छोड़ गया, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी याद करेंगी।
आज भी जब कोई भारतीय प्रशंसक 2011 विश्व कप का वह आखिरी छक्का देखता है, जब 2007 की जीत याद करता है या जब CSK की पीली जर्सी में नंबर-7 को मैदान पर देखता है, तो चेहरे पर मुस्कान और आंखों में भावनाएं एक साथ उतर आती हैं। शायद यही किसी खिलाड़ी की सबसे बड़ी सफलता है। न कोई तुलना, न कोई दावा... बस एक एहसास।
माही जैसा खिलाड़ी होना सिर्फ प्रतिभा की बात नहीं, बल्कि जुनून, धैर्य, नेतृत्व और करोड़ों दिलों का भरोसा जीतने की कहानी है। वक्त बदलेगा, मैदान बदलेंगे, खिलाड़ी बदलेंगे, रिकॉर्ड बदलेंगे... लेकिन भारतीय क्रिकेट की यादों में माही का नाम हमेशा चमकता रहेगा।
क्योंकि कुछ कहानियां खत्म नहीं होतीं, वे पीढ़ियों की यादों में जिंदा रहती हैं। माही सिर्फ एक नाम नहीं, भारतीय क्रिकेट की एक विरासत हैं।
माही... माही... और हमेशा माही!







