लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा । करसौत पंचायत के मुखिया रामकृष्ण सिंह उर्फ काका ने नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष के पुत्र पर फोन पर गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने दरौंदा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुखिया के आवेदन के अनुसार, एक सितंबर की शाम करीब 6:19 बजे उनके मोबाइल पर 9102463010 नंबर से फोन आया। आरोप है कि फोन करने वाले ने खुद को करसौत निवासी नवनिर्वाचित पैक्स अध्यक्ष अलका देवी एवं पैक्स प्रबंधक रमेश कुमार सिंह उर्फ नीलू सिंह का पुत्र आदर्श कुमार उर्फ भोलू बताया। आरोप है कि उसने मुखिया के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मुखिया ने बताया कि उन्होंने शालीनता से समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें धमकी दी गई। आवेदन में पूर्व में भी उक्त युवक द्वारा अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मुखिया ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पुलिस ने इस मामले में दरौंदा थाना कांड संख्या 367/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच एसआई संजय कुमार को सौंपी गई है।







