लोकल डेस्क, आकाश अस्थाना।
मोतिहारी। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी के बीच रविवार को हुई महज एक घंटे की मूसलाधार बारिश ने नगर निगम के विकास कार्यों की धज्जियां उड़ा दी हैं। बारिश ने जहां एक ओर लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर जलजमाव की भीषण समस्या ने शहरवासियों का जीना मुहाल कर दिया। नगर निगम के कागजी दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर साफ उजागर हो चुका है।
मुख्य मार्गों और मोहल्लों में जलजमाव
शहर के लगभग सभी प्रमुख इलाके, गली-मोहल्ले और कस्बाई क्षेत्र तालाब में तब्दील हो चुके हैं। मीना बाजार, छतौनी रोड, बेलिसराय, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय मार्ग और ढाका रोड जैसे व्यस्त इलाकों में पानी का साम्राज्य कायम है। पैदल यात्रियों से लेकर वाहन चालकों तक, सभी को घुटने भर पानी से गुजरना पड़ रहा है।
नवनिर्मित नाले बने मुसीबत का कारण
शहर में पानी निकासी के नाम पर करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए नवनिर्मित नाले उल्टे लोगों के लिए आफत बन गए हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण नालों का गंदा पानी सड़कों और दुकानों में बैक मार रहा है।
जनता का गुस्सा और सवाल
साफ-सफाई और नाला निर्माण के नाम पर हर साल लाखों-करोड़ों का बजट पास होता है, लेकिन जमीन पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। समय पर टैक्स भरने वाली जनता अब जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठा रही है।







