लोकल डेस्क, मुस्कान सिंह ।
मस्जिद के पास डीजे बजाने पर बढ़ा विवाद, मौके पर पहुंचे DM-SP; पुलिस की मौजूदगी में स्थिति काबू में
पूर्वी चंपारण। मोतिहारी में सोमवार सुबह कलश यात्रा के दौरान अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब मस्जिद के पास डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला पचपकड़ी थाना क्षेत्र के भंडार गांव का है, जहां साहू मठ से विष्णु महायज्ञ के तहत यह यात्रा निकाली जा रही थी। डीजे पर भक्ति गीत बजने को लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई और इसी को लेकर विवाद तेज हुआ।
जानकारी के मुताबिक, इस मार्ग को लेकर पहले से यह सहमति बनी थी कि मस्जिद के पास डीजे बंद रखा जाएगा। लेकिन जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने डीजे नहीं रोका, जिस पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ देर के लिए दोनों पक्ष आमने-सामने भी आ गए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और अतिरिक्त बल बुलाया गया। करीब दो घंटे तक हल्का तनाव बना रहा, लेकिन धीरे-धीरे हालात काबू में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और जुलूस को तय व्यवस्था के अनुसार आगे बढ़ाया गया।
डीएम सौरभ जोरवाल ने कहा, थोड़ी देर के लिए विवाद की स्थिति बनी थी, लेकिन समय रहते उसे नियंत्रित कर लिया गया। दोनों पक्षों से बात कर पहले से तय नियमों का पालन कराया गया और यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया गया।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया, मौके पर तुरंत पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को संभाला गया। किसी तरह की जानमाल की क्षति नहीं हुई है। पूरे मामले की वीडियोग्राफी कराई गई है, ताकि जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
स्थानीय स्तर पर बताया जाता है कि इस रास्ते को लेकर पुराना समझौता पहले से मौजूद है। वर्ष 1990-91 में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी थी कि इस मार्ग से जुलूस नहीं निकाला जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासनिक बैठक में यह तय किया गया था कि कलश यात्रा में शामिल महिलाएं और कन्याएं इस रास्ते से गुजरेंगी, जबकि डीजे के लिए अलग मार्ग निर्धारित रहेगा।
हालांकि, यात्रा के दौरान डीजे को उसी मार्ग से ले जाने की कोशिश की गई, जहां मस्जिद पड़ती है। इसी वजह से विवाद की स्थिति बनी और दोनों पक्षों के बीच तनातनी बढ़ गई।
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती जारी है और कार्यक्रम भी शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है।






