लोकल डेस्क |
मोतिहारी के एक्शन शोरूम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग,सवा करोड़ का सामान जलकर राख, दो घंटे में आग पर पाया गया काबू....
मोतिहारी शहर के मेन रोड स्थित एक्शन शोरूम में गुरूवार देर रात भीषण आग लग गई। यह घटना नगर थाना क्षेत्र में पानी टंकी के पास हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकानदार और दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को करीब दो घंटे लगे। बाद में अतिरिक्त संसाधन बुलाए गए। कुल मिलाकर दो छोटी और तीन बड़ी दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया जा सका। तब तक शोरूम और गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
दमकल कर्मी ने आग बुझाने का किया प्रयास
शोरूम के मालिक राहुल कुमार गुप्ता ने घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान उन्हें फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग चारों तरफ फैल चुकी थी और दमकल कर्मी उसे बुझाने का प्रयास कर रहे थे।राहुल कुमार गुप्ता के अनुसार, शोरूम में लगभग 25 लाख रुपये का सामान था। दुकान से सटे गोदाम में करीब 75 लाख रुपये का माल रखा हुआ था। इस अग्निकांड में कुल मिलाकर लगभग सवा करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।_
शॉर्ट सर्किट से आगजनी की आशंका
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग की तीव्रता बहुत अधिक थी, जिसके कारण इसे बुझाने में अधिक समय लगा। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।घटना के बाद इलाके में काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए थे। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।_







