मौनिया बाबा झंडा मेला को लेकर पुलिस की तैयारी तेज, 400 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा । राजकीय मौनिया बाबा सह महावीरी झंडा मेला शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर दारौंदा थाना पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक विभिन्न गांवों के करीब 400 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है। वहीं, पुलिस अन्य संदिग्ध एवं संवेदनशील लोगों को भी चिह्नित करने में जुटी है। अगले दो-तीन दिनों में निरोधात्मक कार्रवाई की संख्या बढ़ने की संभावना है।
रुकुन्दीपुर में नौ सितंबर को महावीरी झंडा मेला, 10 सितंबर को मौनिया बाबा सह महावीरी झंडा मेला का जुलूस और 11 सितंबर को मेला आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि संवेदनशील लोगों पर नजर रखी जा रही है। मेला एवं जुलूस के दौरान किसी भी तरह का उपद्रव या अशांति फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है।







