रक्सौल में 200 छात्राओं की हुई नि:शुल्क एनीमिया जांच, 60 से अधिक में हीमोग्लोबिन कम
लोकल डेस्क, मुस्कान सिंह।
रक्सौल : भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल के तत्वावधान में गुरुवार को बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के एनीमिया मुक्त बिहार अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रक्सौल के सहयोग से शहर के पोस्ट ऑफिस रोड स्थित पीएम श्री कस्तूरबा बालिका +2 उच्च विद्यालय में नि:शुल्क एनीमिया जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मध्यांतर के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार ने किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजीव रंजन के नेतृत्व में पहुंची चिकित्सकीय टीम ने विद्यालय की पंजीकृत 200 छात्राओं का वजन मापा और हीमोग्लोबिन की जांच की। जांच के दौरान 60 से अधिक छात्राओं में हीमोग्लोबिन का स्तर कम पाया गया। चिकित्सकीय टीम ने छात्राओं को एनीमिया के लक्षण, बचाव और उपचार से संबंधित जानकारी दी। साथ ही आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत विकास परिषद के शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि बालिकाएं समाज और राष्ट्र का भविष्य हैं। उनका स्वस्थ एवं सशक्त होना परिवार, समाज और देश के विकास के लिए बेहद जरूरी है। किशोरावस्था में एनीमिया की समस्या को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। कई बार कमजोरी, थकान और चक्कर आने जैसे लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित पोषण से इस समस्या की समय रहते पहचान और उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के ध्येय के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य कर रही है। यह शिविर भी परिषद के सेवा संकल्प की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
विशेष आमंत्रित अतिथि एवं लायंस क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रो सिटी की अध्यक्ष लायन पिया सिंह ने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देना समय की मांग है। इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों से छात्राओं में जागरूकता बढ़ती है और उन्हें अपनी सेहत के प्रति सजग रहने की प्रेरणा मिलती है।
समाजसेविका नीता गुप्ता ने कहा कि किशोरियों में एनीमिया की समस्या दूर करने के लिए परिवार, विद्यालय और सामाजिक संगठनों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। बालिकाओं को पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कुमार ने भारत विकास परिषद एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में इस तरह के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। इससे उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने और समय पर जांच कराने की प्रेरणा मिलती है।
वरीय शिक्षक पवन किशोर कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा के साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी छात्राओं के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एनीमिया से बचाव के लिए खानपान में सुधार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जरूरी है।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजीव रंजन ने छात्राओं को एनीमिया के लक्षण, कारण, बचाव एवं संतुलित आहार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हरी पत्तेदार सब्जियां, दाल, चना, मौसमी फल और आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन का महत्व बताया। साथ ही चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों के सेवन और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिविर को सफल बनाने में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सकीय टीम के डॉ. रीतेश कुमार, डॉ. साहिदा अजीज, फार्मासिस्ट अली इरफान, रुचि कुमारी, एएनएम दीपराज, एलटी नीलेश कुमार, फार्मासिस्ट कुमार यश एवं डाटा ऑपरेटर मुकेश कुमार ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मौके पर परिषद के कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ, विनोद कुमार, अजय कुमार, नीता गुप्ता, लायंस क्लब ऑफ बीरगंज मेट्रो सिटी की अध्यक्ष लायन पिया सिंह, संयुक्त सचिव लायन प्रसिद्धि आनंद सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक अरविंद कुमार, हम्माद मोहम्मद शमून, कन्हैया कुमार, इब्रारुल हक, बड़ा बाबू कुमार पांडे, सुमन कुमारी, दीपिका कुमारी, मुकेश पंडित एवं विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की जानकारी परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी।







