लोकल डेस्क , मुस्कान सिंह।
रक्सौल: अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित अवर निबंधन कार्यालय में वर्ष 2006 से 2024 तक निबंधित दस्तावेजों की पीडीएफ डाउनलोडिंग एवं अपलोडिंग का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। हालांकि, विभागीय पोर्टल पर पांच निबंधित दस्तावेजों की पीडीएफ उपलब्ध नहीं होने का मामला सामने आया है। इसे गंभीरता से लेते हुए मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार तथा सहायक निबंधन महानिरीक्षक, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर की ओर से संबंधित कार्यालय को पत्र जारी किया गया है।
इस संबंध में अवर निबंधन पदाधिकारी आशीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2006 से 2024 के बीच कार्यालय में निबंधित अधिकांश दस्तावेजों की पीडीएफ विभागीय पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। जांच के दौरान केवल पांच दस्तावेजों की पीडीएफ अपलोड नहीं पाई गई। इनमें टोकन संख्या 889/12 (विंदा साह), 4812/12 (वीरबहादुर यादव), 4541/12 (प्रहलाद प्रसाद एवं राजकुमार), 3958/13 (मुनीन्द्र प्रसाद) तथा 5394/18 (मदन प्रसाद) के नाम से निबंधित दस्तावेज शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि संबंधित क्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तीन दिनों की समय-सीमा के भीतर अपने दस्तावेजों की पीडीएफ विभागीय पोर्टल पर अपलोड कराने की प्रक्रिया पूरी कराएं। अवर निबंधन पदाधिकारी ने कहा कि लंबित पांचों दस्तावेजों को पोर्टल पर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि संबंधित क्रेताओं को भविष्य में अपने निबंधित दस्तावेजों की ऑनलाइन प्रति प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।







