नेशनल डेस्क, आर्या कुमारी।
गुरदासपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान और पंजाब पुलिस ने रविवार को संयुक्त अभियान चलाकर पंजाब के गुरदासपुर जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्तौल और करीब 40 कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मामले में पाकिस्तान से जुड़े संपर्कों की बात भी सामने आई है। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों से भी पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बीते 3 नवंबर को राजस्थान के श्रीगंगानगर क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे मार्ग पर गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ था। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस मामले की जांच में जुट गई थीं। जांच के दौरान पुलिस को पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले कुछ संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों की तलाश शुरू की।
कलानौर में संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तारी
जांच के दौरान राजस्थान से पहुंची पुलिस टीम ने गुरदासपुर जिले के कलानौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी दोस्तपुर की टीम के सहयोग से कार्रवाई की। पुलिस ने दोस्तपुर गांव की रहने वाली महकप्रीत कौर (24), पुत्री तरलोक सिंह और नजदीकी सीमावर्ती गांव चौड़ां कलां के निवासी दविंदर सिंह, पुत्र रविंदर सिंह को हिरासत में लिया।
बताया जा रहा है कि इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व राजस्थान से पहुंचे आईपीएस अधिकारी दिनेश एनएम, एडीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नितिन चौधरी ने किया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों के पास से बेरेटा 9 एमएम की एक पिस्तौल, 30 बोर की एक अन्य पिस्तौल और करीब 40 कारतूस बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट में दोनों आरोपियों की क्या भूमिका थी और बरामद हथियारों का इस घटना से कोई संबंध है या नहीं। इसके साथ ही उनके अन्य सहयोगियों और संभावित संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
तीसरी कोशिश में किया गया था विस्फोट
गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी तीन बार राजस्थान गए थे। पहली बार उन्हें विस्फोट के लिए जरूरी सामान नहीं मिल पाया था। दूसरी बार भी वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और विस्फोट नहीं कर पाए थे। हालांकि, तीसरी बार उन्होंने रेलवे ट्रैक पर धमाका कर दिया।
एसएसपी के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान में रहने वाले शाह नाम के एक व्यक्ति ने युवती को एक लाख रुपये दिए थे। पुलिस ने इस रकम में से 30 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। इस मामले को लेकर गुरदासपुर पुलिस लगातार जांच कर रही थी।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच करने के बाद आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सुराग मिले थे। इसके बाद गुरदासपुर पुलिस ने राजस्थान पुलिस के साथ महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो पिस्तौल और करीब 40 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पाकिस्तान से जुड़े कथित संपर्कों, आर्थिक लेनदेन तथा रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट में उनकी भूमिका की जांच जारी है।







