नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार
नई दिल्ली, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरमा के जेल जाने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
असम के विश्वनाथ विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हिमंता बिस्वा सरमा देश के सबसे भ्रष्ट और सबसे अधिक सांप्रदायिक मुख्यमंत्रियों में शामिल हैं और वे लगातार नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राज्य की जनता उन्हें कानून के तहत सजा दिलाएगी।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि असम की सरकार दिल्ली से संचालित हो रही है और राज्य को “एटीएम” की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगपतियों जैसे मुकेश अंबानी, गौतम अडानी और बाबा रामदेव को जमीनें दी जा रही हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार के वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सस्ता गैस सिलेंडर और चाय बागान मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने के वादे पूरे नहीं किए गए हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाएगी, मजदूरी 450 रुपये तय की जाएगी, पेंशन में वृद्धि होगी, जमीन के पट्टे दिए जाएंगे और 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।







