स्टेट डेस्क, श्वेता प्रिया।
पटना। बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में सावन की तीसरी सोमवारी के दौरान हुई भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। शुरुआती आधिकारिक जानकारी में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत और 10 से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को राहत राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित और जल्द इलाज के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने को कहा गया है। उन्होंने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
जानकारी के मुताबिक, सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर अशोक धाम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर के पास अचानक अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई।
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, बिजली के पोल/तार को लेकर फैली अफवाह और अचानक बढ़ी भीड़ के कारण स्थिति बिगड़ने की बात सामने आई है। प्रशासन घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहा है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग समय पर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं, इसलिए अंतिम आधिकारिक आंकड़े की पुष्टि का इंतजार है।







