लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौदा. नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है. इस संबंध में अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग द्वारा सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
जारी निर्देश में कहा गया है कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2000 के तहत सभी बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इसी उद्देश्य से 1 अप्रैल से लगातार 30 दिनों तक राज्यव्यापी नामांकन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत हर बच्चे का उसके नजदीकी विद्यालय में उम्र के अनुसार कक्षा में नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा. अभियान के तहत पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, शिक्षकों एवं विद्यालय शिक्षा समिति की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है. आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित 6 वर्ष पूरे कर चुके या अगले छह माह में 6 वर्ष पूरा करने वाले बच्चों को विद्यालय में नामांकित कराने की जिम्मेदारी सेविका एवं सहायिका को सौंपी गई है. वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिक्षकों के बीच पोषक क्षेत्र का विभाजन कर घर-घर संपर्क के माध्यम से बच्चों के नामांकन की जिम्मेदारी देंगे. विशेष रूप से महादलित टोला एवं वंचित वर्ग के बच्चों पर फोकस करते हुए विशेष योजना बनाकर उनका नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.







