लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
प्रधानमंत्री सौर ऊर्जा योजना के तहत एक विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण।
सीवान/दरौंदा. प्रखंड कार्यालय परिसर में सबका सम्मान जीवन आसान के तहत विद्युत उपभोक्ताओं की समस्या के तरह समाधान के लिए विशेष शिविर एवं प्रधानमंत्री सौर ऊर्जा योजना के तहत एक विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं उपभोक्ताओं ने भाग लेकर सोलर ऊर्जा से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और अपने घरों में सोलर प्लांट लगाने के लिए रुचि दिखाई.
शिविर में विशेषज्ञों द्वारा लोगों को ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम, सरकारी सब्सिडी, लागत, इंस्टॉलेशन प्रक्रिया और दीर्घकालिक लाभ के बारे में विस्तार से बताया गया. मौके पर उपस्थित टीम ने बताया कि 3 किलोवाट और 5 किलोवाट के सोलर सेटअप अब किफायती दरों पर उपलब्ध हैं, जिन पर सरकार द्वारा अलग से सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है.
विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगवाने से पहले कुछ महत्वपूर्ण बातों की जांच करने की सलाह दी.
उन्होंने कहा कि सोलर पैनल की गुणवत्ता, स्ट्रक्चर की मजबूती, वायरिंग और अनुभवी इंस्टॉलेशन टीम का चयन बेहद जरूरी है, ताकि सिस्टम लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन कर सके. शिविर में बताया गया कि सोलर पैनलों पर 25 वर्षों तक की वारंटी दी जाती है और नियमित साइट विजिट के साथ बेहतर सेवा सुनिश्चित की जाती है. साथ ही, आसान ईएमआई विकल्प और पांच वर्षों की मुफ्त एएमसी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. इस मौका पर सहायक विद्युत अभियंता महाराजगंज दिलीप कुमार, कार्यपालक सहायक सोनू दुबे, प्रियदर्शी सोलर सॉल्यूशन प्रोजेक्ट मैनेजर संतोष कुमार सिंह, प्रतीक रंजन आदि उपस्थित थे.







