नेशनल डेस्क,श्रेयांश पराशर।
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को संसद में विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों को लेकर कहा कि वह चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार हैं और विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और विपक्ष को तय करना है कि उसे चर्चा करनी है या हंगामा।
शाह ने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखकर जानकारी दी है कि वह चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार दोपहर तीन बजे से लेकर गुरुवार शाम तीन बजे तक चर्चा के दौरान उठाए गए विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने के लिए वह तैयार हैं।
गृह मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष संसद को चलने नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष दोनों सदनों में कार्यवाही नहीं चलने देगा, तो वहां जाकर क्या होगा।
अमित शाह ने कहा कि बुधवार दोपहर तीन बजे से चर्चा शुरू हो जाएगी और गुरुवार दोपहर तीन बजे वह स्वयं जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि वह खुद चर्चा में बैठेंगे और विपक्ष के सामने सरकार का पक्ष रखेंगे। शाह ने विपक्ष से सवाल किया कि उसे चर्चा करनी है या हंगामा करना है।
उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष पहले चर्चा की मांग कर रहा था और सरकार ने उसकी मांग स्वीकार कर ली है, लेकिन अब विपक्ष चर्चा होने ही नहीं देना चाहता। गृह मंत्री ने कहा कि वह संसद में किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं और सदन में बैठकर सभी की बात सुनेंगे।
गौरतलब है कि विपक्ष राजधानी में 20 जुलाई को प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर संसद में हंगामा और शोर-शराबा कर रहा है। इसके कारण संसद की कार्यवाही लगातार बाधित हो रही है। बुधवार को मानसून सत्र का अंतिम दिन है।







