लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान। बिहार मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा आयोजित अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा के समापन के बाद रविवार को सीवान रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी तथा रेलवे प्रशासन की संयुक्त निगरानी में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को विभिन्न ट्रेनों में बैठाकर सकुशल उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
आरपीएफ के अनुसार, परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा स्पेशल ट्रेन संख्या 05106 सीवान-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15048 गोरखपुर-कोलकाता पूर्वांचल एक्सप्रेस, 55056 गोरखपुर-छपरा पैसेंजर तथा 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस से रवाना किया गया।
इस दौरान सीवान आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव, जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार आजाद, स्टेशन अधीक्षक मुकेश कुमार सिंह तथा वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर मंडल अपने-अपने स्टाफ के साथ स्टेशन परिसर में मुस्तैद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्टेशन पर स्थिति पूरी तरह सामान्य रही और परीक्षार्थियों की आवाजाही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।







