स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
हाजीपुर | बिहार में पूर्ण शराबबंदी नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग की ओर से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वैशाली जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 100 लीटर देसी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक को भी जब्त किया गया इसके साथ ही एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराने के लिए लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उत्पाद विभाग, वैशाली की टीम को अवैध देसी शराब के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने विदुपुर थाना क्षेत्र के चकसिकंदर स्मारक के पास निगरानी और जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में देसी शराब बरामद हुई।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामद शराब, जब्त बाइक और गिरफ्तार व्यक्ति के संबंध में नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य शराबबंदी कानून को प्रभावी तरीके से लागू करना और अवैध शराब के निर्माण एवं परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाना है। अधिकारियों की ओर से अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।






