लोकल डेस्क, एन के सिंह।
सिविल सर्जन और महापौर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन पर कार्यशाला आयोजित
पूर्वी चम्पारण: जिले के शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का जाल बिछाने और अंतिम व्यक्ति तक इलाज पहुँचाने के संकल्प के साथ शनिवार को एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। शहर के एक निजी होटल में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (NUHM) के अंतर्गत आयोजित इस 'उन्मुखीकरण कार्यशाला' की संयुक्त अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार एवं मोतीहारी नगर निगम की महापौर श्रीमती प्रीति कुमारी ने की।
विस्तारित वार्डों पर विशेष फोकस
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति कुमारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर निगम क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और आउटरीच कैंपों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों का स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के नव विस्तारित क्षेत्रों (हाल ही में शामिल हुए ग्रामीण इलाके) में स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर निकाय के पार्षदों और पदाधिकारियों से सहयोग की अपील की।
बनेगा अपना भवन, जांच सुविधाओं में होगा इजाफा
जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अमानुल्लाह अमन ने कार्यशाला में भविष्य की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि वर्तमान में चार शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) निजी भवनों में चल रहे हैं, जिनके लिए अब सरकारी भूमि चिह्नित कर स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा।
परिसीमन के बाद नगर निकाय क्षेत्रों में शामिल हुए 15 ग्रामीण केंद्रों को अब शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC) के रूप में विकसित करने हेतु भूमि चिह्नित करने का निर्णय लिया गया है।
UPHC छतौनी के भवन का विस्तार कर वहां टीबी की जांच के लिए अत्याधुनिक लैब का संचालन जल्द शुरू होगा।
जागरूकता और जन-सहयोग अनिवार्य
कार्यशाला के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान और परिवार नियोजन सेवाओं को शहरी केंद्रों पर प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। पीएसआई (PSI) इंडिया के जिला प्रबंधक अमित कुमार ने डिजिटल प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मिशन के लक्ष्यों और उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि जागरूकता के अभाव में कई लोग सुविधाओं का लाभ नहीं ले पाते, जिसे पार्षदों के सहयोग से दूर किया जाएगा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस मौके पर अरेराज नगर पंचायत के मुख्य पार्षद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ठाकुर विश्वमोहन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. पूजा कुमारी, डॉ. अरशद अजीज, डॉ. शिवम, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक संध्या कुमारी, आदित्य कुमार, धर्मराज कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग और नगर निकाय के कई अन्य कर्मी व पदाधिकारी उपस्थित रहे।







