लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान । शाइनिंग स्टार किड्स पैराडाइज, एम.एम. कॉलोनी, सीवान में 22 अप्रैल को अर्थ डे के अवसर पर यहाँ बड़े ही उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया ।
इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लिया । कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसके बाद बच्चों ने पेड़-पौधों के महत्व पर कविता और भाषण प्रस्तुत किए । बच्चों ने “सेव अर्थ, सेव फ्यूचर” जैसे संदेशों के माध्यम से सभी को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया । विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया, जिसमें बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया । विद्यालय के डॉयरेक्टर प्रोफेसर (डॉ.) राशिद शिब्ली ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि “पृथ्वी हमारी सबसे कीमती धरोहर है, और इसे सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है ।
यदि हम आज से ही छोटे-छोटे कदम उठाएं जैसे पेड़ लगाना, पानी बचाना और प्लास्टिक का कम उपयोग करना, तो हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं ” । उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें । कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली । इस आयोजन ने बच्चों के मन में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया । सारे कार्यक्रम स्कूल के प्रिंसिपल शाद राशिद की निगरानी में हुआ ।







