लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सिवान । बिहार विद्यालय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद ने राज्य के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी से राज्यकर्मी का दर्जा प्राप्त साढ़े पांच लाख शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग की अनुशंसाओं के अनुरूप पूर्ण वेतनमान तथा वास्तविक फिटमेंट मैट्रिक्स का लाभ अविलंब देने की पुरजोर मांग की है, बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष डॉ . आनंद ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि तीन माह पूर्व संघ के द्वारा लाखों विशिष्ट शिक्षक, विद्यालय अध्यापकों, प्रधान शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों एवं पुस्तकालयाध्यक्षों को सातवें वेतन आयोग के अनुरूप पूर्ण वेतनमान और फिटमेंट मैट्रिक्स का लाभ देने हेतु लिखित मांगपत्र सौंपा गया था, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाना, अत्यंत खेदजनक और पीड़ादायक है. प्रदेश अध्यक्ष आनंद ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से अपील की है कि वे सभी कोटि के शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग का वास्तविक वित्तीय लाभ प्रदान करने हेतु संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जल्द जारी करने की मांग की है.







