स्टेट डेस्क, श्रेयांश पराशर l
उत्तराखंड के पवित्र श्री बद्रीनाथ धाम में आज गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 को प्रातः 6:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए कपाट विधिवत खोल दिए गए। नर और नारायण पर्वतों के मध्य स्थित इस प्रसिद्ध मंदिर में बैसाख मास के शुक्ल पक्ष, पुनर्वसु नक्षत्र तथा सर्वार्थ सिद्धि योग के शुभ संयोग में यह धार्मिक परंपरा निभाई गई। कपाट खुलने के साथ ही देशभर से आए श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रथम पूजा संपन्न कराई। उन्होंने यह पूजा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से की और समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण देखने को मिला।
कपाट खुलने से पहले बुधवार को मंदिर की परंपरागत तैयारियां पूरी की गई थीं। इस दौरान उद्धव, तेल कलश और अन्य पूजन सामग्री आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी के साथ धाम पहुंची। वहीं कुबेर की डोली रात्रि विश्राम के लिए बामणी गांव लाई गई थी। इन सभी धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए कपाट उद्घाटन की प्रक्रिया पूरी की गई।
मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। लगभग 25 क्विंटल गेंदे और ऑर्किड के फूलों से पूरे क्षेत्र को आकर्षक रूप दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का माहौल और भी बढ़ गया। कपाट खुलने के साथ ही बद्रीनाथ धाम में चारधाम यात्रा की औपचारिक शुरुआत भी हो गई है, जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।






