विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच भारत ने वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास ने मंगलवार को भारतीय समुदाय के लोगों से अपील की कि वे सऊदी अधिकारियों की ओर से जारी चेतावनियों n और सुरक्षा निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। दूतावास ने सऊदी अरब के सिविल डिफेंस विभाग की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी संदेश को साझा करते हुए नागरिकों से सतर्क रहने और आपात स्थिति में अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार कदम उठाने को कहा है।
सऊदी अरब के सिविल डिफेंस विभाग ने बताया कि हरीक गवर्नरेट में नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म के जरिए आपात स्थिति से जुड़ी चेतावनी जारी की गई है। अधिकारियों ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से अलर्ट मिलता है तो उसे घबराने के बजाय शांत रहना चाहिए और आधिकारिक निर्देशों का पालन करना चाहिए। चेतावनी मिलने के बाद सबसे पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचना जरूरी है और खतरा पूरी तरह समाप्त होने तक वहां से बाहर नहीं निकलना चाहिए।
सुरक्षा निर्देशों के मुताबिक, लोगों को किसी इमारत के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहना चाहिए और खिड़कियों, शीशों तथा बाहरी हिस्सों से दूरी बनाए रखनी चाहिए। खतरा टलने तक घर या इमारत छोड़कर बाहर जाने से बचने को कहा गया है। लोगों को बालकनी और छत पर जाने से भी मना किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आपात स्थिति के दौरान खुले स्थानों पर रहना जोखिम बढ़ा सकता है, इसलिए संभव हो तो किसी मजबूत इमारत के अंदर रहना अधिक सुरक्षित है।
अगर कोई व्यक्ति उस समय घर या किसी इमारत के बाहर है जब उसे आपात चेतावनी मिलती है, तो उसे तुरंत नजदीकी इमारत के अंदर जाने की सलाह दी गई है। यदि आसपास कोई इमारत उपलब्ध नहीं है तो किसी मजबूत अवरोध या सुरक्षित ढांचे के पीछे छिपने को कहा गया है। इसके अलावा लोगों से भीड़भाड़ वाले और संभावित रूप से खतरनाक इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है। अधिकारियों ने ऐसे स्थानों की तस्वीरें लेने या स्थिति को देखने के लिए जोखिम वाले क्षेत्रों के पास जाने से भी परहेज करने को कहा है।
वाहन चालकों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। अगर गाड़ी चलाते समय आपात चेतावनी मिलती है तो चालक को पुलों और ऊंची इमारतों से दूर सड़क के किनारे वाहन रोकने की सलाह दी गई है। इसके बाद सुरक्षित स्थान पर रहने और अधिकारियों की ओर से जारी अगले निर्देशों का इंतजार करने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
सऊदी अधिकारियों ने कहा है कि अगर किसी व्यक्ति को किसी तरह का खतरा नजर आता है या तत्काल सहायता की जरूरत होती है तो वह संबंधित आपातकालीन नंबर पर संपर्क करे। मक्का, मदीना, रियाद और पूर्वी प्रांत में आपात स्थिति के लिए 911 नंबर पर कॉल करने को कहा गया है, जबकि सऊदी अरब के अन्य हिस्सों में 998 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों ने लोगों से आधिकारिक माध्यमों से जारी होने वाली सूचनाओं पर भरोसा करने और उनके निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
भारत की ओर से जारी एडवाइजरी ऐसे समय में आई है जब सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय समुदाय से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें और किसी भी आपात स्थिति में निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करें। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय केवल आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर ही जरूरी कदम उठाएं।







