लोकल डेस्क, अभिलाष गुप्ता।
वीरगंज: विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन एवं सेवाभाव के विकास के उद्देश्य से सगरमाथा स्कूल, मुर्ली–12, वीरगंज में ‘बैज वितरण कार्यक्रम–2083’ भव्य एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नेशनल प्याब्सन वीरगंज नगर अध्यक्ष एवं सगरमाथा स्कूल के संस्थापक जियालाल गुप्ता ने की, जबकि कौशल श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के हेड बॉय, हेड गर्ल, विभिन्न हाउसों के कैप्टन एवं उप-कैप्टन तथा कक्षा 1 से 10 तक के कक्षा मॉनिटरों को नेतृत्व और जिम्मेदारी के प्रतीक स्वरूप बैज, टाई एवं बैनर प्रदान किए गए। यह सामग्री अध्यक्ष, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य अतिथियों द्वारा वितरित की गई।
अपने संबोधन में अध्यक्ष जियालाल गुप्ता ने कहा कि नेतृत्व केवल एक पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के सक्षम नागरिक और राष्ट्रनिर्माता हैं, इसलिए उनमें नेतृत्व, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों का विकास आवश्यक है।
कार्यक्रम में हरिन्द्र कुशवाहा, नरेश कुर्मी, सुरेश साह, नरेश रौनियार तथा गौतम श्रीवास्तव सहित कई विशिष्ट व्यक्तित्व उपस्थित रहे। वहीं पत्रकार राजेन्द्र सिंह राजपूत, जगत राई, अभिलाष गुप्ता एवं दीपु बरनवाल की भी सहभागिता रही।
विद्यालय के संजीव यादव ने कार्यक्रम का संचालन किया। सम्मानित विद्यार्थियों ने उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने कहा, “आज प्रदान किया गया बैज केवल एक प्रतीक नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की यात्रा की शुरुआत है।” उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ भी दीं।







