एंटरटेनमेंटडेस्क,श्रेयांश पराशर l
मुंबई l एल्विश यादव और जिया शंकर की सगाई को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाएं अब गलत साबित हुई हैं। दोनों सितारों की कथित एंगेजमेंट की खबरें दरअसल उनके अपकमिंग डेटिंग रियलिटी शो के प्रमोशन का हिस्सा थीं। करीबी सूत्रों ने साफ किया है कि दोनों न तो सगाई कर रहे हैं और न ही एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक फोटो शेयर की। तस्वीर में वह एक लड़की का हाथ पकड़े दिखे, जिसकी उंगली में डायमंड रिंग नजर आई। एल्विश ने पोस्ट में जिया शंकर को टैग करते हुए लिखा, “Gave love another chance and I found my heart।” इस कैप्शन के बाद फैंस ने दोनों की सगाई के कयास लगाने शुरू कर दिए और खबर तेजी से वायरल हो गई।
हालांकि बाद में सामने आया कि यह पोस्ट उनके नए शो ‘Engaged: Roka Ya Dhoka’ सीजन 2 से जुड़ा प्रमोशनल स्टंट था। यह एक डेटिंग रियलिटी शो है, जिसमें Gen-Z कंटेस्टेंट्स अपने रिश्तों और कमिटमेंट को परखते हैं। शो का पहला सीजन 2025 में आया था और उसे हर्ष गुजराल व उर्फी जावेद ने होस्ट किया था।
एल्विश और जिया पहले भी साथ काम कर चुके हैं। दोनों ‘बिग बॉस ओटीटी सीजन 2’ का हिस्सा रहे थे, जहां उनकी दोस्ती को दर्शकों ने पसंद किया था। वर्क फ्रंट पर जिया शंकर ‘वेड’ फिल्म के बाद कई म्यूजिक वीडियोज में नजर आ चुकी हैं। वहीं एल्विश यादव फिलहाल ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3’ में करण कुंद्रा के साथ दिखाई दे रहे हैं।
कुल मिलाकर, सगाई की अफवाहों ने भले ही सुर्खियां बटोरीं, लेकिन असल में यह दोनों के नए शो को लेकर बनाया गया बज़ था। अब फैंस उन्हें एक बार फिर साथ देखने के लिए उत्साहित हैं।






