लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दारौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित अंचल कार्यालय में सोमवार को राज्य सरकार की पहल ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण ने आमजनों से सम्मानपूर्वक संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने भूमि पैमाइश, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, पुराने जमाबंदी अभिलेखों की त्रुटियों समेत अन्य राजस्व संबंधी समस्याओं को अंचलाधिकारी के समक्ष रखा। अंचलाधिकारी ने सभी आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित राजस्व कर्मियों एवं अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को सम्मानजनक वातावरण में त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए नियमित रूप से लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर अंचल कार्यालय के कर्मचारी एवं राजस्व कर्मी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर संतोष व्यक्त किया।







