लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
दारौंदा (सिवान): जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को निर्धारित समय से पहले पूरा करने वाले प्रगणकों को शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय में सम्मानित किया गया।
चार्ज अधिकारी सह बीडीओ सिम्पी कुमारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना की। सम्मानित होने वालों में एचएलबी-321 के प्रगणक प्रसन्न कुमार, जो नया प्राथमिक विद्यालय बसवरिया टोला के शिक्षक हैं, सहित एचएलबी-316 के प्रगणक समेत अन्य कर्मी शामिल रहे। सभी ने समय सीमा से पहले घर-घर जाकर मकानों की गणना एवं सूचीकरण का कार्य पूरा किया।
इस मौके पर बीडीओ सिम्पी कुमारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में समयबद्धता और शुद्धता दोनों अत्यंत आवश्यक हैं। जिन प्रगणकों ने पूरी जिम्मेदारी और मेहनत से कार्य को समय से पहले पूरा किया है, वे अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनगणना का कार्य पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो, ताकि विकास योजनाओं के लिए सही आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट अपडेट करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्य से जुड़े आशुतोष कुमार सिंह, रामकिशोर पाण्डेय, सुधाशु कुमार कई कर्मी एवं अधिकारी मौजूद रहे।







