लोकल डेस्क, मुस्कान सिंह।
रक्सौल : भारत-नेपाल सीमा की जीवनदायिनी सरिसवा नदी आज अपने अस्तित्व को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। एक ओर केंद्र सरकार नमामि गंगे अभियान के तहत नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाने के प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर रक्सौल नगर परिषद द्वारा नदी और नहर के किनारे कचरा गिराया जाना चिंता का विषय है। नगर परिषद तत्काल नदी और नहर के किनारे कचरा गिराना बंद करे, अन्यथा इसके खिलाफ धरना-प्रदर्शन के साथ व्यापक महाआंदोलन किया जाएगा। ये बातें सरिसवा नदी बचाओ आंदोलन के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार सिन्हा ने छठिया घाट, आश्रम रोड में आयोजित महादीप प्रज्वलन समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि नदियों की रक्षा केवल पर्यावरण संरक्षण का विषय नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा से भी जुड़ी है। सरिसवा नदी का बढ़ता प्रदूषण गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। उनके अनुसार, नदी तट पर गिराया जा रहा कूड़ा-कचरा पानी के बहाव के साथ आगे बढ़कर गंगा नदी तक पहुँचता है और उसे भी प्रदूषित करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार नदियों की स्वच्छता पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, तो स्थानीय स्तर पर नदी में कचरा पहुँचने की समस्या पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है?
प्रो. सिन्हा ने रक्सौल में स्थापित हो रहे एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सरिसवा नदी बचाओ आंदोलन के प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम बताया। उन्होंने इसके लिए स्थानीय सांसद डॉ. संजय जायसवाल के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को राजनीतिक दलों को भी अपनी प्राथमिकता में शामिल करना चाहिए।
नेपाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां नो मेंस लैंड पर कूड़ा गिराने की समस्या को समाप्त कर उस स्थान को सुंदर बनाया गया है, जबकि रक्सौल में सरिसवा नदी के तट पर कचरा गिराया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। आंदोलन के प्रयासों से पहले इस पर रोक लगी थी, लेकिन अब फिर से कचरा गिराया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद ने जल्द ही नदी और नहर के किनारे कचरा गिराना बंद नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। नदी से उठने वाली दुर्गंध से शहरवासी परेशान हैं। इसके बावजूद छठ महापर्व इसी नदी के प्रदूषित जल में संपन्न होने जा रहा है, जो शहर के लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
551 दीपों से लिया सरिसवा नदी बचाने का संकल्प
सरिसवा नदी बचाओ आंदोलन एवं युवा सहयोग दल के तत्वावधान में आयोजित महादीप प्रज्वलन समारोह में 551 दीपों की माला सजाई गई। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने हिस्सा लिया। लोगों ने हाथों में जलते दीप लेकर सरिसवा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से नदी तट पर कूड़ा-कचरा गिराने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी और जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपने का निर्णय भी लिया गया।
समारोह की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) चंद्रमा सिंह ने की, जबकि संचालन आंदोलन के महासचिव प्रो. मनीष दुबे ने किया। युवा सहयोग दल के अध्यक्ष सिंघानिया साजन चौहान ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आंदोलन के संरक्षक संतोष छात्रवंशी ने प्रस्ताव रखा कि यदि नदी तट पर कचरा गिराना बंद नहीं किया गया, तो धरना आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर 101 छठ व्रतियों के बीच साड़ी, सूपली, नारियल और अगरबत्ती सहित पूजन सामग्री का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में राकेश कुशवाहा, गुड्डू सिंह, इंजीनियर जितेंद्र कुमार, राजकिशोर राय भगत, जय नारायण तिवारी, शैल देवी, दुर्गेश साह, प्रो. (डॉ.) किरण बाला, इंजीनियर पल्लवी पुष्पम, इंजीनियर अमित कुमार श्रीवास्तव, इंजीनियर सुरभि सुमन, इंजीनियर केशव आदित्य, डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, डॉ. अंशु कुमारी, रामजी प्रसाद, शीला देवी, मंजू देवी, मनोज श्रीवास्तव, प्रो. अनिल कुमार, मनोज शर्मा, प्रो. नारद प्रसाद, प्रो. राजकिशोर सिंह, रजनीश प्रियदर्शी, जयप्रकाश गुप्ता, नीरज कुशवाहा, अरुण कुमार, हर्षित रनिया, समरजीत मिश्रा, मुकेश पटेल और विकेश कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, युवा एवं शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में उठी सामूहिक आवाज का संदेश स्पष्ट था कि सरिसवा नदी को प्रदूषण मुक्त करना केवल किसी एक संगठन या आंदोलन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे शहर और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है।







