स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
गया। गया में साइबर ठगों का एक मिनी कॉल सेंटर पकड़ा गया है। पुलिस ने किराए के मकान से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ये लोग क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और आसानी से लोन दिलाने का झांसा देकर देशभर के लोगों से पैसे ठग रहे थे। गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के खरखुरा अशोक नगर में एक रिहायशी मकान किराए पर लेकर वे मिनी कॉल सेंटर चला रहे थे।
साइबर क्राइम एंड सिक्योरिटी यूनिट और गया साइबर थाना की टीम को सूचना मिली तो उन्होंने मकान की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में टिकारी का अजीत कुमार और अरवल का दीपक कुमार शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से ग्यारह मोबाइल फोन, ग्यारह सिम कार्ड, एक लैपटॉप, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक डेबिट कार्ड और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
ये लोग बैंक का अधिकारी बनकर फोन करते थे। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने या सस्ता लोन दिलाने का लालच देते थे। फिर ओटीपी और बैंक डिटेल माँगकर खाते से पैसे निकाल लेते थे। कुछ मामलों में फर्जी दस्तावेज भेजकर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर भी पैसे लेते थे। पुलिस को इनके मोबाइल और सिम से दो सौ से ज्यादा शिकायतें मिली हैं। अनुमान है कि पूरे गिरोह ने करीब एक करोड़ रुपये की ठगी की है।
ये गिरोह पिछले लगभग एक साल से यहीं से काम कर रहा था। शहर के घनी आबादी वाले इलाके में किराए का मकान लेकर काम करने की नई ट्रेंड अपनाई जा रही है, ताकि आसानी से पकड़े न जाएँ। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि अनजान नंबर से आने वाले कॉल पर ओटीपी या स्क्रीन शेयर कभी न करें। ठगी हो जाए तो तुरंत साइबर पोर्टल पर शिकायत करें।







