लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सिवान। रेलवे सुरक्षा बल की सीपीडीएस टीम ने सिवान पूर्वी यार्ड में मुस्तैदी दिखाते हुए रेल संपत्ति चुराने वाले एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरपीएफ ने आरोपी के पास से चोरी की पैण्डराल क्लिप और लोहे की प्लेट बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक सुबाष चंद्र यादव की टीम यार्ड में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टीम को किलोमीटर नंबर SV1004/SV1006 डाउन लाइन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति प्लास्टिक के बोरे में भारी सामान ले जाता हुआ दिखाई दिया।
कागजात नहीं दिखा सका आरोपी
संदेह होने पर टीम ने जब उसे रोककर तलाशी ली, तो बोरे के अंदर से दो पीस ईआरसी (पैण्डराल क्लिप) और एक रेलवे की लोहे की प्लेट बरामद हुई, जिस पर कर्व नंबर 51/A लिखा हुआ था। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद रुस्तम (46 वर्ष), पिता मोहम्मद इसराइल, निवासी शेख मोहल्ला, थाना नगर, जिला सिवान बताया। बरामद सामान के संबंध में वह कोई भी वैध कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
आरपीयूपी एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरपीएफ ने बिना किसी वैध प्रमाण पत्र के रेल संपत्ति रखने के जुर्म में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सामान की कुल कीमत करीब ₹550/- आंकी गई है। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट सिवान पर आरोपी मोहम्मद रुस्तम के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 05/26, धारा 3 RP(UP) ACT के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







