लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा । सुरक्षा एवं मुआवजा नीति लागू करने की मांग को लेकर बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर दारौंदा की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शिम्पी कुमारी ने मंगलवार को काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। हालांकि विरोध प्रदर्शन के बावजूद उन्होंने अपने सभी शासकीय दायित्वों का नियमित रूप से निर्वहन किया और आमजन के कार्यों को प्रभावित नहीं होने दिया।
बीडीओ शिम्पी कुमारी ने कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याएं सुनीं तथा नियमित प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन किया। उन्होंने बताया कि यह विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक है, जिसका उद्देश्य सरकार का ध्यान बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ की मांगों की ओर आकर्षित करना है।
उन्होंने कहा कि संघ की प्रमुख मांगों में सेवा के दौरान अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में उचित मुआवजा नीति लागू करना शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी अधिकारी काली पट्टी बांधकर नियमित रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
इस दौरान प्रखंड मुख्यालय के अन्य कर्मियों एवं संघ के सदस्यों ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार से सुरक्षा एवं मुआवजा संबंधी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।







