लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/गुठनी । दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी में स्वर्ण व्यवसायी के साथ हुई घटना के बाद गुठनी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गई है। गुरुवार को गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने पुलिस बल के साथ बाजार की सोनारटोली का भ्रमण कर स्वर्ण व्यवसायियों एवं दुकानदारों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
इस दौरान थानाध्यक्ष ने सभी दुकानदारों के मोबाइल नंबर लिए। पुलिस की ओर से दुकानदारों का एक सुरक्षा ग्रुप बनाए जाने की बात कही गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जा सके।
थानाध्यक्ष ने दुकानदारों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि बाजार में दिन में तीन बार पुलिस पदाधिकारी गश्त करेंगे। नियमित गश्त और निगरानी से अपराध पर अंकुश लगाने के साथ व्यवसायियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस की इस पहल से सोनारटोली के व्यवसायियों ने राहत जताई। दुकानदारों ने पुलिस को सहयोग का भरोसा देते हुए बाजार में नियमित गश्त एवं सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की।







