लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती।
सीवान। दरौंदा थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक महिला के साथ उसके देवर ने बदसलूकी की और विरोध करने पर देवर, देवरानी तथा सास ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है।
घायल महिला की पहचान खड़सरा गांव निवासी सुबोध कुमार सिंह की 25 वर्षीय पत्नी सलोनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों की सहायता से उन्हें इलाज के लिए दरौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉ. मुबारक अली ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़िता ने दरौंदा थाना में लिखित आवेदन देकर अपने देवर, देवरानी और सास को आरोपित बनाया है। आवेदन में कहा गया है कि आपसी विवाद के दौरान पहले देवर ने उनके साथ बदसलूकी की और विरोध करने पर तीनों ने मिलकर मारपीट की।
थानाध्यक्ष विकाश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। पीड़िता का आवेदन प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पक्षों से पूछताछ कर घटना की वास्तविकता का पता लगा रही है।







