लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती।
सीवान/दारौंदा। प्रखंड के बेलदारी टोला गांव से शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने गांव के शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद "बोल बम", "हर-हर महादेव" और "बाबा नगरी चलो" के जयघोष से पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूब गया।
यात्रा में विवेक महतो, राजेंद्र साह, कुंदन कुमार, सुनील कुमार, प्रमोद कुमार, राजा राम यादव तथा सियाराम चौहान सहित कई शिवभक्त शामिल हुए। ग्रामीणों ने कांवरियों को फूल-माला पहनाकर विदाई दी और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
श्रद्धालु सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। कांवरियों के जत्थे की विदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ उन्हें बाबा धाम के लिए रवाना किया।







