लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवानः रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं सीपीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में लावारिस हालत में रखे दो बैगों से 12.450 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। मामले में अज्ञात के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक जीआरपी सीवान विकास आजाद तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुबाष चंद्र यादव के नेतृत्व में जीआरपी, सीपीडीएस टीम और आरपीएफ द्वारा प्लेटफार्म संख्या एक पर अपराध नियंत्रण एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या एक के पूर्वी छोर पर बने नए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के पास दो लावारिस पिट्ठू बैग पड़े मिले।
संदेह होने पर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में दोनों बैगों की तलाशी ली गई। जांच के दौरान प्रत्येक बैग में भूरे रंग के टेप से लिपटे तीन-तीन पैकेट मिले। परीक्षण में पैकेटों में गांजा पाया गया। सभी पैकेटों से कुल 12.450 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में जीआरपी सीवान थाना में कांड संख्या 93/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 (बी)(ii)(बी) के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुअनि अनमोल कुमार द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में जीआरपी निरीक्षक विकास कुमार आजाद, आरपीएफ के सउनि राजेंद्र सिंह, सीपीडीएस टीम के सउनि शैलेन्द्र कुमार पांडेय, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, बलवीर सिंह यादव, आरपीएफ के कांस्टेबल सुबाष यादव तथा जीआरपी के सिपाही श्रवण कुमार और भूपेंद्र कुमार शामिल रहे।







