लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
दारौंदा: प्रखंड क्षेत्र के बाल्डीह गांव निवासी शिक्षक दीपक कुमार सिंह के पुत्र उत्सव कुमार सिंह एवं उनके भतीजा सूरज कुमार सिंह ने सारण जिला में आयोजित सीवी रमन टैलेंट सर्च टेस्ट परीक्षा में क्रमशः द्वितीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
बताया जाता है कि परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दोनों छात्रों को शनिवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित सम्मान समारोह में नगद पुरस्कार, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि से परिजनों तथा क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि छात्रों की सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ा है।
शिक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों की मेहनत और लगन के कारण यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए दोनों छात्र निरंतर प्रयासरत रहेंगे। स्थानीय लोगों एवं शिक्षकों ने दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







