एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा
फिल्म '3 इडियट्स' में चतुर रामालिंगम का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता ओमी वैद्य ने समाजसेवी और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के बीच ओमी वैद्य ने एक भावुक वीडियो संदेश साझा करते हुए लोगों से इस आंदोलन पर ध्यान देने और वांगचुक का समर्थन करने की अपील की।
वीडियो में ओमी वैद्य ने खुद को "3 इडियट्स का चतुर" बताते हुए कहा कि वह नहीं चाहते कि "फुन्सुख वांगडू मर जाए।" उन्होंने सोनम वांगचुक को फिल्म के प्रतिष्ठित किरदार फुन्सुख वांगडू की वास्तविक प्रेरणा बताया और कहा कि जिस व्यक्ति ने शिक्षा और समाज के लिए इतना योगदान दिया है, आज उसे देश के समर्थन की जरूरत है।
ओमी वैद्य ने लोगों से अपील की कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लें और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि वांगचुक लंबे समय से शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर काम कर रहे हैं और उनकी बिगड़ती सेहत चिंता का विषय है।
रिपोर्टों के अनुसार, सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल लगातार जारी है और उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ रही है। इसी बीच कई सार्वजनिक हस्तियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उनके समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी है तथा उनके मुद्दों पर संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया है।
ओमी वैद्य का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। उनके संदेश के बाद एक बार फिर सोनम वांगचुक का आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।







