स्टेट डेस्क , रानी कुमारी।
पटना। देशभर के साथ बिहार में भी शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण से पहले मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया और इसके बाद भव्य सलामी ली। समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और सभी ने मिलकर 'वंदे मातरम्' का गायन किया।
ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को संबोधित करते हुए बिहार के विकास और सरकार की प्राथमिकताओं पर बात की। उन्होंने कहा कि बिहार की करीब 85 प्रतिशत आबादी गांवों में रहती है, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का तेजी से समाधान करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से हर महीने के अंतिम रविवार को 'पंचायत दिवस' मनाने की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर राज्य के स्कूल-कॉलेजों में 'स्कूटी सवार पुलिस दीदी' की तैनाती की जाएगी। इसका उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करना तथा शिक्षण संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना है। इस पहल से स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने बिहार में शिक्षा, उद्योग और खेल को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने राज्य में निजी निवेश बढ़ाने की दिशा में बड़ा ऐलान करते हुए अगले नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये का निजी निवेश लाने का लक्ष्य रखा। सरकार का कहना है कि बड़े पैमाने पर निवेश आने से राज्य में उद्योगों का विस्तार होगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
समारोह के समापन पर विभिन्न विभागों की ओर से बिहार के विकास और समृद्ध विरासत को दर्शाती आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इन झांकियों में राज्य की योजनाओं, उपलब्धियों, संस्कृति और विरासत की झलक देखने को मिली। गांधी मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने जहां लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत किया, वहीं मुख्यमंत्री की घोषणाओं ने महिला सुरक्षा, ग्रामीण विकास, शिक्षा, खेल और औद्योगिक निवेश को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को भी सामने रखा।







