स्पोर्ट्स डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य।
भारत ने आजादी के दिन देशवासियों को हॉकी वर्ल्ड कप में जीत का शानदार तोहफा दिया है। 15 अगस्त को 2026 FIH हॉकी वर्ल्ड कप के अपने पहले मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम ने वेल्स को 3-1 से शिकस्त दी। नीदरलैंड्स के आम्सटलवेन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए पूल-डी के इस मुकाबले में भारत की जीत के हीरो कप्तान हरमनप्रीत सिंह रहे, जिन्होंने दो गोल दागे। संजय ने भी टीम के लिए एक गोल किया। वेल्स की ओर से सैम वेल्श ने एकमात्र गोल किया।
पहले क्वार्टर में ही भारत ने बना लिया दबदबा
भारतीय टीम ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। लगातार दबाव बनाने का फायदा भारत को 8वें मिनट में मिला, जब संजय ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। इसके बाद 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
पहले क्वार्टर के खत्म होने तक भारत ने 2-0 की बढ़त अपने नाम कर ली थी। वेल्स के पास भारतीय डिफेंस को भेदने का कोई आसान रास्ता नहीं था।
दूसरे क्वार्टर में नहीं हुआ कोई गोल
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ। भारत को इस दौरान एक पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन वह उसे गोल में तब्दील नहीं कर सका। हाफ टाइम तक भारतीय टीम 2-0 से आगे थी और मुकाबले पर उसकी पकड़ मजबूत बनी हुई थी।
तीसरे क्वार्टर में फिर चला कप्तान का जादू
तीसरे क्वार्टर में भारत ने एक बार फिर गोल कर अपनी बढ़त को और मजबूत किया। 43वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल दागा। यह भारत का मुकाबले में तीसरा गोल था। इसके साथ ही भारत ने 3-0 की मजबूत बढ़त बना ली। तीन क्वार्टर के बाद वेल्स के सामने मुकाबले में वापसी के लिए बड़ी चुनौती थी।
आखिरी क्वार्टर में वेल्स ने खाता खोला, लेकिन देर हो चुकी थी
अंतिम क्वार्टर में वेल्स ने वापसी की कोशिश तेज की। उसे 56वें मिनट में इसका फायदा भी मिला, जब सैम वेल्श ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। हालांकि इसके बाद वेल्स भारतीय बढ़त को और कम नहीं कर सका। भारतीय टीम ने आखिरी मिनटों में अपना डिफेंस मजबूत रखा और मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया।
हरमनप्रीत की कप्तानी में शानदार शुरुआत
भारत के लिए यह वर्ल्ड कप अभियान की शानदार शुरुआत रही। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल करके जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि संजय ने शुरुआती गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। भारत ने अपने तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर से किए।
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पूल-डी में अपने अभियान की शुरुआत जीत से की।






