लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती
सीवान/दरौंदा. दरौंदा के ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का पर्व होली बुधवार को हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर और अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं.
होलिका दहन के बाद से ही गांवों में बच्चों, बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों ने रंगों में सराबोर होकर पर्व का आनंद लिया. सुबह से ही रंग खेलने का सिलसिला शुरू हो गया था. बच्चे और युवा ट्रॉलियों पर साउंड बॉक्स लगाकर, ढोल-मजीरे के साथ होली के गीत बजाते हुए एक-दूसरे को रंग लगाते और बधाई देते घूम रहे थे. इस दौरान कुछ युवाओं ने गोबर माटी की होली खेली, जबकि कहीं-कहीं रंग और पानी की बौछार भी की गई. शाम को गांव के लोगों ने नए परिधान पहनकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया. उन्होंने गले मिलकर और बड़ों के पैर छूकर होली की बधाइयां दीं. छोटे छोटे बच्चों ने भी टोली बना कर घर घर जाकर अबीर लगा कर आशीर्वाद लिया. जिससे सौहार्द का माहौल बना रहा.







