एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा।
मुंबई। तेलुगु अभिनेता रवि तेजा की फिल्म ‘इरुमुड़ी’ के निर्माता मैत्री मूवी मेकर्स को तेलंगाना श्रम विभाग ने नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई फिल्म में बाल कलाकार नक्षत्रा की शूटिंग और प्रचार गतिविधियों में भागीदारी को लेकर मिली शिकायत के बाद की गई है। विभाग ने निर्माताओं से बाल कलाकार के काम के घंटे, पारिश्रमिक और सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं।
तेलंगाना टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यह शिकायत जय लोक सत्ता (सोशल जस्टिस फोरम) के संस्थापक-अध्यक्ष सी. महेश बाबू ने दर्ज कराई थी। शिकायत में नक्षत्रा के काम करने की अवधि, पारिश्रमिक और शूटिंग के दौरान उसकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इसके बाद रंगारेड्डी जोन के श्रम विभाग के संयुक्त आयुक्त ने निर्माताओं को 4 नवंबर 2026 को हैदराबाद के अंजैया कार्मिक कल्याण भवन में बैठक के लिए बुलाया है।
विभाग ने निर्माताओं से जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति, माता-पिता की सहमति, शूटिंग के दौरान काम के घंटे और उपस्थिति से जुड़े रिकॉर्ड मांगे हैं। साथ ही यह जानकारी भी मांगी गई है कि शूटिंग के कारण बाल कलाकार की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए क्या व्यवस्था की गई थी और उसकी सुरक्षा व देखभाल के लिए क्या कदम उठाए गए थे।
नोटिस में नक्षत्रा के पारिश्रमिक से जुड़े दस्तावेज भी मांगे गए हैं। अधिकारियों ने निर्माताओं से यह स्पष्ट करने को कहा है कि क्या उसकी कुल कमाई का 20 प्रतिशत हिस्सा उसके नाम पर फिक्स्ड डिपॉजिट में जमा किया गया था। इसके अलावा फिल्म के प्रचार कार्यक्रमों और प्री-रिलीज समारोह में उसकी भागीदारी से जुड़े रिकॉर्ड भी मांगे गए हैं।
यह मामला फिल्म के प्री-रिलीज कार्यक्रम में रवि तेजा की एक टिप्पणी को लेकर हुए विवाद के बाद सामने आया है। कार्यक्रम के दौरान नक्षत्रा ने अभिनेता से पूछा था कि वह उसे कौन-सा निकनेम देना चाहेंगे। इसके जवाब में रवि तेजा ने एक तेलुगु शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। वहीं, कुछ प्रशंसकों ने इसे आम बोलचाल में इस्तेमाल होने वाला शब्द बताते हुए उनका बचाव भी किया था। इस टिप्पणी को लेकर अभिनेता या फिल्म की टीम की ओर से सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
शिव निर्वाण के निर्देशन में बनी ‘इरुमुड़ी’ में रवि तेजा और बाल कलाकार नक्षत्रा के अलावा प्रिया भवानी शंकर और साई कुमार भी नजर आते हैं। फिल्म 21 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और फिलहाल नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। श्रम विभाग ने अभी निर्माताओं से स्पष्टीकरण और दस्तावेज मांगे हैं। इसलिए फिलहाल इसे जांच का विषय माना जाना चाहिए, न कि नियमों के उल्लंघन का साबित मामला।







