Ad Image
Ad Image
पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया || PM के आवास के बाहर पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर धरने पर राहुल गांधी || PM मोदी के आवास के बाहर धरने पर राहुल गांधी समेत कांग्रेस के सभी दिग्गज || अमेरिकी और ईरान के बीच प्रारंभिक समझौता, 60 दिन का सीजफायर लागू || अमेरिकी सेंट्रल कमान की घोषणा, ईरान की नाकेबंदी समाप्त || ईरान - अमेरिका में टकराव चरम पर, नए हमलों से सीजफायर पर लग सकता ब्रेक || जापान: तूफान जोंगमी ने मचाई तबाही, 60 हजार से अधिक घरों में बिजली गुल || जयराम रमेश ने लिखा पत्र, ग्रेट निकोबार परियोजना पर पुनर्विचार की अपील || नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में आग से 20 की मौत, दर्जनों घायल || ट्रंप ने कहा, खाड़ी देशों की अपील पर ईरान पर हमले बंद किए गए

The argument in favor of using filler text goes something like this: If you use any real content in the Consulting Process anytime you reach.

  • img
  • img
  • img
  • img
  • img
  • img

Get In Touch

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट ढेर

नेशनल डेस्क, आर्या कुमारी।

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों को आतंकवाद विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी मिली। मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया गया। बताया गया कि घिरने के बाद आतंकी ने देवसर के जांगलपोरा इलाके में स्थित एक मस्जिद के अंदर शरण ले ली थी। सुरक्षाबलों ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने का अवसर दिया, लेकिन उसने हथियार डालने से इनकार कर दिया और लगातार गोलीबारी करता रहा।

अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में अभियान शुरू किया था। इस दौरान जवानों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकी को चारों तरफ से घेर लिया। सुरक्षाबलों की ओर से उसे सुरक्षित आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया गया, लेकिन वह फायरिंग करता रहा। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया गया।

कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) इनायत अली ने बुधवार को बताया कि मुठभेड़ के दौरान घिरे आतंकी लतीफ भट को आत्मसमर्पण के लिए लगातार समझाने की कोशिश की गई थी। उसने देवसर के जांगलपोरा इलाके में एक मस्जिद के भीतर से सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी थी। अधिकारियों ने उसे कई बार चेतावनी दी और हथियार डालने का मौका दिया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।

एसएसपी ने खुद वीडियो कॉल कर समझाया

मुठभेड़ स्थल पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसएसपी इनायत अली ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल बनाकर सुनियोजित तरीके से अभियान चलाया था। इसके लिए पूरे इलाके की सावधानीपूर्वक घेराबंदी की गई थी। उन्होंने बताया कि लतीफ नाम का एक स्थानीय आतंकी सुरक्षाबलों के घेरे में फंसा हुआ था।

एसएसपी के अनुसार, आतंकी को आत्मसमर्पण के लिए तैयार करने की कई कोशिशें की गईं। उन्होंने खुद वीडियो कॉल के जरिए लतीफ से बातचीत की और काफी देर तक उसे समझाया। उसे बताया गया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह काफी युवा है, इसलिए हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण कर सकता है। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उसने सुरक्षाबलों की बात मानने से इनकार कर दिया।

इनायत अली ने बताया कि बातचीत के बाद लतीफ एक मस्जिद के अंदर चला गया। इसके बाद भी सुरक्षाबलों ने कई बार सार्वजनिक रूप से एलान कर उसे बाहर आकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और हथियार डालने से इनकार करता रहा।

साथी नसीर डार के मारे जाने के बाद बच निकला था लतीफ

इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस कार्रवाई में लतीफ भट का साथी नसीर डार मारा गया था। नसीर डार पर कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप था। हालांकि, उस दौरान लतीफ सुरक्षाबलों की शुरुआती घेराबंदी से बचकर भागने में सफल रहा था। इसके बाद से ही जवान उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रहे थे। आखिरकार बुधवार को उसे घेरकर मार गिराया गया।

सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर किया था हमला

लतीफ भट का नाम 11 नवंबर को कुलगाम जिले के अखरन इलाके में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हुए हमले में सामने आया था। आरोप है कि उसने आतंकी उमर निसार के साथ मिलकर सुरक्षाबलों की नाका पार्टी पर गोलीबारी की थी और फिर मौके से फरार हो गया था। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे। घटना के बाद से ही सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों की तलाश तेज कर दी थी।

अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ के इलाके में छिपे होने की सूचना मिलने के बाद रविवार दोपहर से ही तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार सुबह कुलगाम के लारू इलाके में जब पुलिस का वाहन आगे बढ़ रहा था, तभी आतंकियों ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई। अभियान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सेना के जवान भी शामिल हो गए थे। सोमवार से लगातार जारी इस अभियान के दौरान आखिरकार सुरक्षाबलों को लतीफ को मार गिराने में सफलता मिली।

हमले से एक दिन पहले चार जगहों की रेकी की थी

जांच में यह भी सामने आया है कि 11 नवंबर को अखरन में सीआरपीएफ की नाका पार्टी पर हमला करने से एक दिन पहले लतीफ अहमद भट ने चार अलग-अलग स्थानों की रेकी की थी। बताया गया कि आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के स्वयंभू कमांडर लतीफ ने हमले से पहले सुरक्षाबलों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई थी। इसके बाद उसने हमले के लिए जगह और वारदात को अंजाम देने के बाद भागने का रास्ता भी तय कर लिया था।

जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर इन गतिविधियों का खुलासा हुआ। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि 10 नवंबर को लतीफ और उमर निसार कुलगाम के मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम इलाके में घूमते दिखाई दिए थे। दोनों ने इन स्थानों का जायजा लेकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए उपयुक्त जगह की पहचान की थी।

जांच में यह भी पता चला कि 16 नवंबर को मुठभेड़ में मारा गया आतंकी उमर निसार पिछले करीब छह महीने से लतीफ भट को अपने ठिकाने पर पनाह दे रहा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर दोनों आतंकियों की गतिविधियों और उनके आपसी संपर्कों की जानकारी हासिल की थी। इसी जांच के आधार पर सुरक्षाबलों ने उनकी तलाश तेज की और लगातार अभियान चलाकर लतीफ भट को मार गिराया।