लोकल डेस्क, मुस्कान सिंह।
रक्सौल: कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार की संध्या शहर के ऐतिहासिक सूर्य मंदिर परिसर में आस्था, भक्ति और प्रकाश का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल की ओर से आयोजित दीपोत्सव में 551 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से सूर्य मंदिर का मुख्य द्वार, मंदिर परिसर और सूर्य मंदिर घाट जगमगा उठा। दीपों की कतारों से सजे परिसर का मनोरम दृश्य श्रद्धालुओं को भावविभोर करता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सूर्य मंदिर के सहायक पुजारी अनुज मिश्रा के संयोजन में वैदिक मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सपरिवार भाग लिया और दीप प्रज्वलित किए। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य एवं देवाधिदेव महादेव से नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
भारत विकास परिषद, शाखा रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि देव दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देने वाला पर्व है। भारतीय संस्कृति में दीप ज्ञान, आशा और सकारात्मकता का प्रतीक है। देव दीपावली हमें प्रेरणा देती है कि जीवन में सदैव प्रकाश बना रहे और हम समाज में सेवा, सद्भाव एवं संस्कार का दीप जलाते रहें।
उन्होंने बताया कि परिषद की ओर से सूर्य मंदिर परिसर में पहली बार देव दीपावली के अवसर पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया है। 551 दीपों से मंदिर परिसर को सजाना धार्मिक आस्था के साथ-साथ शहर की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक छोटा-सा प्रयास है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान देव दीपावली के धार्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। पौराणिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इसी विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। काशी सहित देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर इसी परंपरा के अनुरूप कार्तिक पूर्णिमा की संध्या देव दीपावली मनाई जाती है।
दीपोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में एक साथ जलाए गए 551 दीपों से ऐसा मनोरम दृश्य बना, मानो धरती पर तारों की बारात उतर आई हो। दीपों की कतारों, वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने इस मनोहारी दृश्य का आनंद लिया और नगर व क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अजय कुमार, मनोज कुमार सिंह, विनोद कुमार, दिनेश प्रसाद, उमेश सिकारिया, शरद सर्राफ, विजय कुमार साह, धीरज कुमार, किरण जायसवाल, सीमा गुप्ता, नीता गुप्ता, श्वेता कलवार, द्वारिका सर्राफ, शालिनी तिवारी, काजल, पल्लवी, आर्या, रजनी एवं दीपक कुमार सहित परिषद के अन्य सदस्यों ने उल्लेखनीय सहयोग किया।
परिषद के सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने बताया कि देव दीपावली के अवसर पर आयोजित इस दीपोत्सव का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में सेवा, संस्कार, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश प्रसारित करना है। इसकी जानकारी भी उन्होंने ही साझा की।







