स्टेट डेस्क, आर्या कुमारी।
पटना। खाजेकलां थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम कोचिंग से घर लौट रही तीन छात्राओं के साथ दो युवकों द्वारा छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। छात्राओं का आरोप है कि उन्होंने जब युवकों की हरकत का विरोध किया तो दोनों ने अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की। छात्राओं के शोर मचाने पर दोनों युवक मौके से भाग गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है और जल्द उनकी गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार की देर शाम करीब 7:45 बजे की है। तीनों छात्राएं कोचिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में खड़े दो युवकों ने छात्राओं पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं और अभद्र टिप्पणियां करने लगे। छात्राओं ने जब इसका विरोध किया तो दोनों युवक और ज्यादा अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर युवकों ने छात्राओं के साथ मारपीट करने की भी कोशिश की।
छात्राओं ने बताया कि जब दोनों युवक मारपीट पर उतारू हो गए तो तीनों सहेलियों ने एक साथ जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। छात्राओं के चिल्लाने के बाद दोनों युवक वहां से भाग निकले। इसके बाद तीनों छात्राएं अपने घर पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी अपने स्वजन को दी। घटना से नाराज स्वजन के साथ एक नाबालिग छात्रा थाने पहुंची और पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सहायक पुलिस अधीक्षक राजकिशोर सिंह ने बताया कि एक छात्रा के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने घटना वाली रात ही सीसीटीवी फुटेज की जांच की और छात्राओं को फुटेज दिखाकर आरोपियों की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उस समय छात्राएं दोनों युवकों को पहचान नहीं सकीं।
इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने छात्राओं को एक बार फिर सीसीटीवी फुटेज दिखाया। इस बार छात्राओं ने फुटेज में मौजूद दोनों युवकों को पहचान लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। सहायक पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छेड़खानी के आरोपित युवकों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की छानबीन जारी है।
पुलिस ने छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके विद्यालय और महाविद्यालय के आसपास भी निगरानी बढ़ाई है। सहायक पुलिस अधीक्षक राजकिशोर सिंह ने बताया कि छात्राओं वाले विद्यालय और महाविद्यालय के आसपास महिला पुलिसकर्मियों की गश्त कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित इलाकों में निगरानी जारी रहेगी और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।







